विवादों में ‘गांधारी’
Gandhari: तापसी पन्नू लंबे समय के बाद स्क्रीन पर नजर आने वाली हैं. एक्ट्रेस इन दिनों अपनी अपकमिंग पिल्म गांधारी को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं. फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर भी सामने आ चुका है, जिसे देखने के बाद दर्शकों के बीच फिल्म देखने की उत्सुकता काफी बढ़ गई है. पोस्टर की बात करें तो इसमें, तापसी बेहद दमदार और गंभीर अंदाज में नजर आई हैं. हालांकि, अब रिलीज से पहले ही गांधारी विवादों में घिर गई है. जी हां, फिल्म को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसके टाइटल को कॉपी किया गया है. ये दावा मुंबई के लेखक राघव देसाई ने किया है और कहा है कि उन्होंने साल 2024 में फिल्म के मेकर्स के सामने एक ऐसी ही कहानी पेश की थी.
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी कहानी के आइडिया को लेकर उसे कनिका ढिल्लों के नाम से विकसित किया गया. इसके बाद फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर भी सवाल उठने लगे. चलिए जान लेते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है और मेकर्स ने इन दावों पर क्या कुछ कहा है?
य़े भी पढ़ें: Raaka: दीपिका-रश्मिका छोड़िए, अब अल्लू अर्जुन की राका में हो गई इस एक्ट्रेस की एंट्री?
तापसी की फिल्म पर लगा चोरी का आरोप
तापसी पन्नू की फिल्म रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है. राइटर लेखक राघव देसाई ने फिल्म की कहानी चुराने का आरोप लगाया है. लेकिन अब इस पूरे विवाद पर लेखक-प्रोड्यूसर कनिका ढिल्लों की प्रोडक्शन कंपनी Kathha Pictures ने चुप्पी तोड़ी है. प्रोडक्शन हाउस ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा है कि गांधारी एक ओरिजिनल प्रोजेक्ट है. कंपनी ने इंस्टाग्राम पर एक बयान भी जारी किया है.
बयान में कहा गया, हमारा ध्यान सोशल मीडिया और कुछ पब्लिकेशंस में चल रहे उन आरोपों की ओर गया है, जिनमें कहा जा रहा है कि हमारी आने वाली फिल्म गांधारी किसी दूसरे व्यक्ति के कॉन्सेप्ट की कॉपी है और उसमें उसी व्यक्ति के टाइटल का इस्तेमाल किया गया है. आगे प्रोडक्शन हाउस ने कहा कि ये आरोप झूठे हैं और हम इन्हें पूरी तरह खारिज करते हैं. गांधारी एक ओरिजिनल फिल्म है, जिसे कनिका ढिल्लों ने लिखा और प्रोड्यूस किया है और Kathha Pictures ने इसे डेवलप किया है. इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले कनिका ढिल्लों का अपना काम है.
मीडिया से की ये अपील
प्रोडक्शन हाउस ने मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आम लोगों से भी अपील की कि इन आरोपों को बिना पुष्टि किए गए और झूठे दावों के तौर पर देखा जाए. साथ ही कंपनी ने कहा कि इन्हें स्थापित तथ्य की तरह प्रकाशित, शेयर या दोहराने से बचना चाहिए.
कब रिलीज होगी गांधारी?
गांधारी एक रिवेंज ड्रामा फिल्म है, जिसे देवाशीष मखीजा ने डायरेक्ट किया है. फिल्म में तापसी पन्नू के अलावा इश्वाक सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगे. यह फिल्म 3 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी. फिल्म की शूटिंग मार्च में पूरी हो गई थी.



