‘शादी करा दो नहीं तो कूद जाऊंगा’, पुल के रेलिंग पर चढ़ा सिरफिरा आशिक, GF को बुलाकर उतारी पुलिस – banda bridge lover threatened suicide marriage girlfriend lclcn

‘शादी करा दो नहीं तो कूद जाऊंगा’, पुल के रेलिंग पर चढ़ा सिरफिरा आशिक, GF को बुलाकर उतारी पुलिस – banda bridge lover threatened suicide marriage girlfriend lclcn

उत्तर प्रदेश के बांदा में शुक्रवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां एक युवक शादी की जिद में केन नदी के रेलवे पुल की करीब 30 फीट ऊंची रेलिंग पर चढ़ गया और वहां से कूदने की धमकी देने लगा. युवक कथित तौर पर अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की इसके लिए तैयार नहीं थी. देखते ही देखते मौके पर हड़कंप मच गया.

राहगीरों ने युवक को पुल की रेलिंग पर चढ़े देखा तो पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे समझाने और नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी कथित प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा. वह कहता रहा कि लड़की को बुलाकर उसकी शादी करा दो, वरना वह पुल से कूद जाएगा. बताया जा रहा है कि दोनों पहले एक-दूसरे के संपर्क में थे, लेकिन शादी की बात आने के बाद मामला बिगड़ गया.

यह भी पढ़ें: कूड़ा फेंकने की छोटी सी बात पर खूनी खेल, बांदा में देवर-भतीजे ने भाभी की ले ली जान

पुलिस के मुताबिक, युवक लड़की से जबरन शादी करना चाहता था. काफी मान-मनौव्वल के बाद पुलिस ने लड़की को मौके पर बुलाया. लड़की के पहुंचने के बाद युवक को समझाकर किसी तरह नीचे उतारा गया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

शादी की जिद में पुल पर चढ़ा, लड़की को बुलाने पर उतरा

दरअसल, यह मामला मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ इलाके का बताया जा रहा है. शुक्रवार को करीब 20 वर्षीय युवक अचानक केन नदी के रेलवे पुल के ऊपर लगी रेलिंग पर चढ़ गया था. राहगीरों की नजर पड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस पहुंची तो युवक नीचे आने के लिए तैयार नहीं था और लगातार अपनी कथित प्रेमिका को बुलाने की मांग कर रहा था.

बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका को मनाने की कोशिश कर रहा था और उससे शादी करना चाहता था. लड़की शादी के लिए तैयार नहीं हुई तो युवक रेलिंग पर चढ़ गया. वह खुदकुशी करने की धमकी देते हुए लड़की को मौके पर बुलाने की जिद करने लगा. पुलिस ने काफी समझाने के बाद लड़की को वहां बुलाया, जिसके बाद वह नीचे उतरा.

देखें वीडियो…

पुलिस के अनुसार, युवक मानसिक तनाव में भी था. इसी बीच उसके खिलाफ पहले से एक मुकदमा दर्ज था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. लड़की की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत केस दर्ज किया गया था. पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए थे और विवेचना के दौरान साक्ष्य जुटाए जा रहे थे.

लड़की की तहरीर पर केस, आरोपी युवक गिरफ्तार

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि सूचना मिली थी कि बांदा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के केन नदी पुल भूरागढ़ के पास एक व्यक्ति रेलवे पुल के ऊपर चढ़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर युवक को नीचे उतारा गया. युवक की पहचान विकास के रूप में हुई.

ASP के मुताबिक, विकास के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में पहले से अभियोग पंजीकृत था. विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित किए गए थे और वह वांछित चल रहा था. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी. पुल से नीचे उतारने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाने का काम करता था. उसके सहयोगी कर्मी की ओर से ही उसके खिलाफ अभियोग दर्ज कराया गया था. पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने युवक को पुल से सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उसे जेल भेजने की कार्रवाई की है.

—- समाप्त —-

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *