
ऑस्कर में पहुंची मराठी फिल्म
मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है. फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया और इम्पा के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. ये फिल्म 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर कैटेगरी में भारत को रिप्रेजेंट करेगी. डायरेक्टर, राइटर और फिल्ममेकर संतोष दावखर की ये फिल्म 14 नवंबर 2025 को रिलीज हुई थी. फिल्म के लिए दावखर ने इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया 2025 में सिल्वर पीकॉक अवॉर्ड भी जीता था. वहीं, अब ये ऑस्कर 2027 में जा रही है.
फिल्म के ऑस्कर के लिए चुने जाने पर अभय सिन्हा ने ‘गोंधल’ की पूरी टीम को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि ये मराठी सिनेमा के साथ साथ पूरी इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के लिए गर्व का पल है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा की बेहतरीन कला को मजबूती से पेश करेगी.
14 सदस्यों की समिति ने किया चयन
‘गोंधल’ का सलेक्ट करने वाली कमेटी में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के अलग अलग क्षेत्रों से 14 सदस्य शामिल थे. इस कमेटी के चेयरमैन मशहूर फिल्ममेकर पी. शेषाद्री थे. कमेटी में कई अनुभवी डायरेक्टर, एक्टर, प्रोड्यूसर, सिनेमैटोग्राफर और एडिटर भी शामिल थे. लगभग दो घंटे की इस मराठी फिल्म को उन फिल्मों में से चुना गया, जिन्हें फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के सामने ऑस्कर के लिए भेजा गया था. निशांत उज्ज्वल ने बताया कि इस साल ऑस्कर के लिए कुल 33 फिल्मों की एंट्री मिली थी. इनमें 14 हिंदी फिल्में भी शामिल थीं. इन सभी फिल्मों में से ‘गोंधल’ को चुना गया.
क्या है फिल्म ‘गोंधल’ की कहानी?
मराठी थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ की कहानी महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाके पर बेस्ड है. इसमें महाराष्ट्र की पुरानी लोक कला और धार्मिक रस्म गोंधल को दिखाया गया है. फिल्म की कहानी सुमन नाम की एक शादीशुदा महिला के इर्द गिर्द घूमती है. फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर और अनुज प्रभु अहम भूमिकाओं में हैं. वहीं, फिल्म का म्यूजिक मशहूर म्यूजिशियन इलैयाराजा ने तैयार किया है.



