Bigg Boss 20: काजी तौकीर से जलन नहीं, नफरत है…’ रीति तिवारी ने उदिती के सामने निकाली भड़ास, राशन और दोस्ती के बीच फंसे कप्तान गुल्लू

Bigg Boss 20: काजी तौकीर से जलन नहीं, नफरत है…’ रीति तिवारी ने उदिती के सामने निकाली भड़ास, राशन और दोस्ती के बीच फंसे कप्तान गुल्लू

Bigg Boss 20 Day 23 Highlights: ‘बिग बॉस 20’ के घर में जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, रिश्तों की मिठास कड़वाहट में बदलती जा रही है. 23वें एपिसोड में घर का माहौल उस वक्त पूरी तरह गरमा गया जब राशन, लाइफलाइन और नॉमिनेशन की तिहरी मार ने कंटेस्टेंट्स के होश उड़ा दिए. एक तरफ जहां कैप्टन गुल्लू (कुशल तंवर) के सामने पूरे घर के राशन और साथियों की जिंदगी का बड़ा धर्मसंकट खड़ा हो गया, तो वहीं दूसरी तरफ बॉक्सर मैरी कॉम ने अपनी निजी जिंदगी और बायोपिक (प्रियंका चोपड़ा स्टारर फिल्म) पर ऐसा खुलासा कर दिया, जिसे सुनकर घरवाले दंग रह गए.

एपिसोड की शुरुआत पिछले टास्क ‘डिस बैटल’ की कड़वाहट को मिटाने से हुई. रीति तिवारी ने उदिती सिंह के पास जाकर अपने बर्ताव के लिए माफी मांगी. रीति ने साफ किया कि उनका गुस्सा उदिती पर नहीं था, बल्कि वे काजी के रवैये से बुरी तरह तिलमिलाई हुई थीं. अपनी भड़ास निकालते हुए रीति ने दो टूक कहा कि काजी के लिए उनके दिल में जलन नहीं, बल्कि ‘प्योर नफरत’ भरी है. इतना ही नहीं, रीति ने उदिती को आगाह करते हुए ये भी कह डाला कि उनके अपने ही ग्रुप माही विज, काजी, अरिश्फा खान और अमन के बीच उनका वजूद दबकर रह गया है. बाद में ये ग्रुप भी उदिती के बदले रुख को लेकर कानाफूसी करता दिखा, जिससे साफ हो गया कि दोस्ती में दरार पड़ चुकी है.

‘गैंग’ शब्द पर आसिफ और यंग डीएसए में तकरार

उधर लंबे समय से दोस्त रहे यंग डीएसए और आसिफ खान के बीच भी जुबानी खींचतान देखने को मिली. आसिफ ने बातचीत में ‘गैंग’ शब्द के इस्तेमाल पर सख्त ऐतराज जताया. आसिफ का कहना था कि दोस्तों के दायरे को ‘गैंग’ कहना बराबरी के बजाय एक-दूसरे पर धौंस जमाने जैसा लगता है. यंग डीएसए ने बात संभालने की कोशिश की, लेकिन दोनों के बीच जमी बर्फ पूरी तरह पिघल नहीं पाई.

मैरी कॉम का बड़ा खुलासा

घर के एक शांत कोने में जब काजी ने मैरी कॉम से पूछा कि क्या उन्हें कभी किसी से सच्चा प्यार हुआ है. इसपर कॉम ने बताया कि उनकी जिंदगी में कुछ घटनाएं जरूर हुईं, लेकिन दिल के अंदर से उन्हें कभी प्यार का अहसास नहीं हुआ. उनकी पूरी जिंदगी सिर्फ जिम्मेदारियों के इर्द-गिर्द सिमट कर रह गई. इसके बाद जब अमन ने पूछा कि उन पर बनी बॉलीवुड फिल्म उनकी असल जिंदगी से कितनी मेल खाती है, तो मैरी कॉम ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने कहा कि फिल्म में उनकी असली जिंदगी का बहुत ही मामूली हिस्सा दिखाया गया है और जो किरदार पर्दे पर दिखा वो असल जिंदगी में उनसे काफी अलग था.

कैप्टन गुल्लू की चाल

दूसरी बार घर की कमान संभालने वाले कुशल तंवर उर्फ गुल्लू के सामने बिग बॉस ने एक टेढ़ी खीर रख दी. उन्हें चार विकल्प मिले थे- या तो 120% राशन लो बिना किसी लाइफलाइन के या फिर 80% राशन के साथ नॉमिनेटेड जोड़ियों को जीवनदान दो. गुल्लू ने दिमाग का इस्तेमाल करते हुए 80% राशन चुना और उदिती सिंह व कनिका मान की लाइफलाइन बहाल कर दी. इसके साथ ही घर में पहली बार ‘2X रूम’ का दूसरा दरवाजा भी खुल गया, जिसने खेल के रोमांच को और बढ़ा दिया.

10 मिनट का अल्टीमेटम

असली भूचाल आया हफ्ते के नॉमिनेशन टास्क में. बिग बॉस ने घरवालों को दो-दो की जोड़ियों में बांटा और 10 मिनट के अंदर आपसी सहमति से किसी एक को नॉमिनेट करने का फरमान सुनाया. शर्त यह थी कि अगर समय सीमा में फैसला नहीं हुआ, तो दोनों ही सदस्य सीधे नॉमिनेट हो जाएंगे. कैप्टन होने के नाते सिर्फ गुल्लू इस चक्रव्यूह से सुरक्षित थे.

  • रीति और आम्रपाली: दोनों अपनी-अपनी जिद पर अड़ी रहीं और फैसला न होने पर बिग बॉस ने दोनों को डेंजर जोन में डाल दिया.
  • माही विज और अरिश्फा खान: यहां माही ने बड़ा दिल दिखाया. उन्होंने कहा कि अरिश्फा की फैन फॉलोइंग तगड़ी है और जनता उन्हें बचा लेगी, इसलिए माही ने खुद को कुर्बान करते हुए अपनी गर्दन फंसा ली.
  • आसिफ और स्काउट ओपी: दोनों की आपसी चर्चा के बाद स्काउट ओपी ने नॉमिनेशन अपने सिर ले लिया.
  • काजी और उदिती: 10 मिनट तक सिर्फ बहसबाजी चलती रही और नतीजा शून्य रहा, जिसके चलते दोनों सीधे नॉमिनेट हो गए.
  • अमन और कनिका मान: यहां भी अहंकार आड़े आ गया और सहमति न बनने पर दोनों ही खिलाड़ी नॉमिनेशन की आग में झुलस गए.

इसके अलावा लव, मैरी कॉम और यंग डीएसए भी टास्क के दांव-पेंच में फंसते नजर आए. कुल मिलाकर, 23वें दिन के इस ड्रामे ने साबित कर दिया कि बिग बॉस के घर में न तो कोई वादा पक्का होता है और न ही कोई दोस्ती हमेशा के लिए टिकती है.

सोनाली नाईक

सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया.

उन्होंने वहां ‘फैशनेरिया’ नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं.

सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है.

नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज ‘पानी’, ‘मेड इन चाइना’ की रीडिंग ‘आल इंडिया रेडियो’ पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *