
प्रत्युषा बनर्जी सुसाइड केस
Pratyusha Banerjee Suicide Case: बॉम्बे हाई कोर्ट ने आज (30 सितंबर) टीवी अभिनेत्री प्रत्युषा बनर्जी की 2016 की आत्महत्या के मामले में उनके साथी राहुल राज सिंह को आरोपमुक्त कर दिया. जस्टिस एस.जी. डिगे की एकल पीठ ने यह आदेश पारित किया. राहुल पर एक्ट्रेस को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था. यह मामला करीब 10 साल से चल रहा था.
प्रत्युषा बनर्जी, जो सीरियल ‘बालिका वधू’ में आनंदी की भूमिका के लिए जानी जाती थीं, 1 अप्रैल 2016 को उन्होंने गोरेगांव वेस्ट स्थित अपने किराए के फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. उस समय उनकी उम्र 24 साल थी. उनकी मां सोमा बनर्जी की शिकायत पर बांगुर नगर पुलिस ने राहुल राज सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 323, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज किया था. आरोप था कि राहुल ने प्रत्युषा को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया, जिससे वे अवसाद में चली गईं.
2016 में अग्रिम जमानत मिली थी
राहुल को जुलाई 2016 में हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई थी. 2018 में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की. उसके बाद राहुल ने डिंडोशी सेशन कोर्ट में डिस्चार्ज याचिका दायर की, जिसे अगस्त 2023 में खारिज कर दिया गया था. सेशन कोर्ट ने तब कहा था कि गवाहों के बयानों से लगता है कि आरोपी ने मृतक की जिंदगी नरक बना दी थी.
राहल राज सिंह के वकील की दलील
हाई कोर्ट में राहुल की ओर से सीनियर अधिवक्ता आबाद पोंडा और अधिवक्ता श्रेयांष मिठारे ने दलील दी कि एफआईआर जल्दबाजी में दर्ज की गई और कोई आत्महत्या नोट नहीं मिला. उन्होंने कहा कि अंतिम बातचीत की रिकॉर्डिंग में राहुल प्रत्युषा को कोई चरम कदम न उठाने की सलाह दे रहे थे. साथ ही राहुल ही वो व्यक्ति थे, जिन्होंने दरवाजा खुलवाया और उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की थी.
ये भी पढ़ें-
कौन हैं मराठी एक्टर ललित प्रभाकर, जो राजकुमार राव की प्रहार में बने अजमल कसाब, टीवी से OTT तक जलवा
इस हफ्ते ओटीटी पर धमाल मचाएंगी साउथ की ये फिल्में और सीरीज
अदालत ने इन दलीलों को स्वीकार करते हुए कहा कि अभियोजन के पास मामले को ट्रायल तक ले जाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं. इसलिए राहुल राज सिंह को इस मामले से डिस्चार्ज कर दिया गया. राहुल का पक्ष रहा है कि दोनों दिसंबर 2016 में शादी करने वाले थे और प्रत्युषा परिवार के दबाव से परेशान थीं. प्रत्युषा के परिवार ने हमेशा आरोप लगाया कि राहुल ने उनकी बेटी का शोषण किया. अब हाई कोर्ट के इस फैसले के बाद मामला फिलहाल समाप्त माना जा रहा है. अभियोजन चाहे तो आगे अपील कर सकता है.



