
राजपाल यादव केस
Rajpal Yadav Case: फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़े चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से बुधवार को बड़ी राहत मिली. इस दौरान कोर्ट ने उन्हें कड़ी फटकार भी लगाई. कोर्ट ने उन्हें आज कोर्ट रजिस्ट्री में 1.15 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करने और सोमवार, 12 अक्टूबर को रजिस्ट्री में 85 लाख रुपये जमा करने के वादे पर ये राहत दी है. इसके साथ अदालत ने कुछ शर्तें भी लगाई हैं.
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या और जस्टिस वी मोहना की बेंच को सुनवाई के दौरान राजपाल यादव ने बताया कि वो अपनी पुश्तैनी जमीन बेच रहे हैं, जिसकी रकम मिलने पर वो शिकायतकर्ता को पूरे पैसे वापस कर देंगे. कोर्ट ने उनके इस प्रपोजल को माना और उन्हें सजा से राहत दी. कोर्ट में राजपाल यादव के वकील ने कहा कि हमारे पास 1.15 करोड़ रुपए हैं और जो संपत्ति बेच रहे हैं, उसकी रजिस्ट्री पितृपक्ष की वजह से रूकी हुई है. ऐसे में नवरात्र की शुरुआत में ये सौदा पूरा हो जाएगा.
सीजेआई सूर्यकांत ने सवाल किया कि आपका बकाया तो दो करोड़ से ज्यादा है. तो राजपाल के वकील ने जवाब दिया कि संपत्ति की कीमत 30 करोड़ रुपये से ज्यादा है और हम इसकी बैंक गारंटी देने को भी तैयार हैं.
अदालत ने फैसले में क्या कहा?
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, “पेटिशनर फाइनली 1.15 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट लेकर आए हैं, जिसे वो रजिस्ट्री में आज ही जमा करेंगे. बाकी 85 लाख रुपये के लिए पेटिशनर ने दावा किया है कि उनकी प्रॉपर्टी की खरीदार कोर्ट में मौजूद है. अनंत प्रकाश यादव कोर्ट में मौजूद हैं और वो 85 लाख रुपये देने को तैयार हैं. वो 85 लाख रुपये डिमांड ड्राफ्ट के जरिए सोमवार को रजिस्ट्री में जमा करने को तैयार हैं. ऐसा करने की स्थिती में हम उन्हें रोज़मर्रा के आधार पर कुछ खास शर्तों के साथ राहत देंगे.”
“अब तो पैसा ही ‘लापता’ हो गया है”
सुनवाई के दौरान शिकायकर्ता के वकील ने कोर्ट को बताया कि उनके 7 करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया है और इसका अदालत खयाल रखे. राजपाल यादव के वकील ने कहा कि ऐसा क्लाइंट की अजीब बदकिस्मती की वजह से हुआ है. वह ‘अता पता लापता’ नाम की एक फिल्म बनाना चाहते थे. ये एक जॉइंट वेंचर था, लेकिन खैर वकील की बात पर सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि अब तो पैसा ही ‘लापता’ हो गया है.
सुप्रीम कोर्ट में राजपाल यादव क्या बोले
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के जजों से राजपाल यादव ने भी बात की. सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव से पूछा कोई फिल्म वगैरह बना रहे हैं या नहीं. इस पर राजपाल ने कहा, “मान्यवर प्रणाम करता हूं. 16 साल से झेल रहे हैं, पिछले 13 साल में तमाम फिल्में की हैं, लेकिन इस मामले के चलते बड़ा नुकसान हुआ है मेरा.”
पिछली सुनवाई में क्या हुआ था? यहां क्लिक कर के पढ़ें: चेक बाउंस केस: राजपाल यादव को SC की कड़ी फटकार, कल तक पेमेंट करने का आदेश
राजपाल यादव ने कहा, “ये मर्चेंट ऑफ वेनिस वाला केस है. चाहो जब चाहो, जहां भेज दो, मैं हर समय रेडी हूं. लेकिन टोटल 22 करोड़ था. 5 करोड़ ने मेरे 17 करोड़ को 2013 से मिट्टी में मिला दिया और एक रुपया नहीं कमाने दिया. मेरे खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई. मेरी फिल्म को रोका गया. वो 1200 थिएटर्स में रिलीज होनी थी, एक थिएटर में रिलीज़ नहीं पाई. 5 करोड़ का 8 करोड़ तय था, मैं लास्ट लाइन बोलूंगा.”
शिकायतकर्ता के खिलाफ कही ये बात
सुनवाई के दौरान राजपाल ने खुद कोर्ट में कहा, “2012 में मेरे दोस्त थे. बोले हजार-डेढ़ हज़ार करोड़ का आदमी हूं. 5 करोड़ कहां आता है और कहां जाता है. गीता की कसम खिलवा लीजिए. फिर बोले, अब तुम्हें कोर्ट में रगड़ूंगा. 5 करोड़ तो मैं 2012 में भी भर रहा था. लेकिन इस 5 करोड़ ने मेरे 22 करोड़ डुबो दिए. पिछले 16 साल में ब्रांडिंग तबाह हुई और मेरी बदनामी हुई. मैं 16 साल से सबका मनोरंजन कर रहा हूं.”
तभी सीजेआई सूर्यकांत ने राजपाल यादव से कहा, “एक अच्छी सी मूवी बना कर लोगों को एंटरटेन करो.” इस पर राजपाल ने जवाब देते हुए कहा, “सर, 2010 से 2016-17 तक जो हुआ, उसका टाइटल भी हमने सोचता है, 16 सावन.”
सख्ती के बाद दी रियायत
राजपाल को राहत जरूर मिली, लेकिन इस दौरान कोर्ट ने उनके खिलाफ सख्त तेवर भी दिखाए. सीजेआई सूर्यकांत ने राजपाल के वकीस से पूथा कि आपके क्लाइंट को क्या सज़ा सुनाई गई है? वकील ने कहा, “तीन महीने.” तभी दूसरे पक्ष के वकील ने कहा कि उन्होंने एक दिन भी सज़ा नहीं काटी है. वो सिविल जेल की सज़ा थी. जस्टिस बागची ने कहा कि हम सज़ा बढ़ाने के लिए नोटिस जारी करेंगे. हम इसे बढ़ाकर दो साल कर देंगे. ठीक है? तभी राजपाल के वकील ने कहा कि कोर्ट ऐसा कर सकता है. कृपया उनकी नेक नीयत पर भी ध्यान दें. वो कोशिश कर रहे हैं.
जस्टिस बागची ने कहा, “हम इससे संतुष्ट नहीं हैं. उनका ये बर्ताव हमें संतुष्ट नहीं करता. आप ये समझ लें कि न तो हम आपकी नेक नीयत से प्रभावित हैं और न ही केस की मेरिट से. हम शिकायतकर्ता को उचित राहत देने के मकसद से ही यह रियायत दे रहे हैं.” इस मामले की अगली सुनवाई दो हफ्ते के बाद होगी.



