
टॉप-1 बनने के लिए दृश्यम 3 को कितने कमाने होंगे?
Ajay Devgn Highest Grossing Films: बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त सिर्फ एक ही नाम का बज है, जो है-‘दृश्यम 3’. फिल्म में अजय देवगन की टोली एक बार फिर दर्शकों को कुर्सी से बांधे रखने में कामयाब रही है. इस बार आते ही फिल्म को पब्लिक का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. और सस्पेंस से भरी इस कहानी ने महज 4 दिनों में दुनियाभर से 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. इस बार अजय देवगन की टीम में तबू, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज और श्रेया शरण समेत कई स्टार्स नजर आए हैं. हालांकि, यह कोई पहली बार नहीं है जब अजय देवगन ने बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचाई हो. कभी ‘गोलमाल’ की कॉमेडी से, तो कभी ‘सिंघम’ की पुलिसगिरी से एक्टर लगातार नए रिकॉर्ड्स गढ़ते रहे हैं. पर क्या ‘दृश्यम 3’ से अपनी टॉप-5 हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों को पीछे छोड़ पाएंगे?
आइए देखते हैं अजय देवगन की टॉप-5 डोमेस्टिक हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्में कौन सी हैं. और तो और ‘दृश्यम 3’ को इन्हें पीछे छोड़ने के लिए भारत में कितने रुपये कमाने होंगे?
अजय देवगन की हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्में
दरअसल अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ ने सिनेमाघरों में आते ही धमाकेदार शुरुआत की है. अबतक 4 दिनों में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा तो पार कर लिया है. अब हर किसी की नजर इस बात पर है कि क्या यह फिल्म उनके करियर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बन पाएगी?
1. तानाजी: द अनसंग वॉरियर: अजय देवगन के करियर की भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली यह ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म पहले नंबर पर बनी है. यह पिक्चर 10 जनवरी 2020 को रिलीज हुई थी, जिसका बजट लगभग 172 करोड़ रुपये बताया गया था. वहीं फिल्म की नेट कमाई 279.55 करोड़ के आसपास रही थी.
2. गोलमाल अगेन: रोहित शेट्टी के कल्ट कॉमेडी फ्रेंचाइजी की इस चौथी फिल्म में हॉरर-कॉमेडी का तड़का था. जिसने सिनेमाघरों में छप्परफाड़ कमाई की थी. 20 अक्टूबर 2017 को आई फिल्म को 140 करोड़ रुपये के बजट से बनाया गया था. जिसने 268.35 करोड़ का वर्ल्डवाइड बिजनेस किया था.
3.सिंघम अगेन: 1 नवंबर 2024 को आई रोहित शेट्टी के ‘कॉप यूनिवर्स’ की इस मल्टीस्टारर एक्शन फिल्म ने घरेलू दर्शकों को खूब आकर्षित किया था. और बॉक्स ऑफिस पर सफलता झंडे गाड़े थे. फिल्म का बजट 350-375 करोड़ के बीच था, जिसने 247.86 करोड़ रुपये का कारोबार किया था.
4. दृश्यम 2: इस सस्पेंस थ्रिलर के क्लाइमैक्स और कहानी के ट्विस्ट ने दर्शकों को हैरान कर दिया था. वहीं, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 240 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया था. लगभग 152 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म 18 नवंबर 2022 को रिलीज हुई थी.
5. रेड 2: 2018 की सुपरहिट फिल्म ‘रेड’ के इस सीक्वल में अमेय पटनायक के तौर पर अजय देवगन की ईमानदार और खूंखार अफसर का भूमिका ने खूब तालियां बटोरीं. फिल्म की घरेलू बॉक्स ऑफिस कमाई 178.08 करोड़ से ज्यादा रही थी.
‘दृश्यम 3’ को नंबर-1 बनने के लिए कितने कमाने होंगे?
‘दृश्यम 3’ जिस रफ्तार से बॉक्स ऑफिस पर आगे बढ़ रही है, उससे साफ है कि यह ‘दृश्यम 2’ और ‘सिंघम अगेन’ को बहुत जल्द पछाड़ देगी. अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी फिल्म ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ को पीछे छोड़ने के लिए ‘दृश्यम 3’ को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 280 करोड़ छापने होंगे. दरअसल फिल्म ने अबतक 197 करोड़ छाप लिए हैं, जिसने रेड 2 का रिकॉर्ड पहले मंडे को तोड़ दिया है.



