
सितारों ने किया गणपति बप्पा का स्वागत
गणेश चतुर्थी का त्योहार आते ही देशभर में बप्पा के स्वागत की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. आम लोगों की तरह बॉलीवुड सितारे भी इस त्योहार को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हैं. कई सितारे हर साल अपने घर पर गणपति बप्पा की स्थापना करते हैं और परिवार के साथ पूजा-अर्चना कर इस खास मौके को सेलिब्रेट करते हैं. इस बार भी फिल्मी सितारों के घर गणपति बप्पा के आगमन की रौनक देखने को मिली. सोशल मीडिया पर सितारों ने अपने गणपति सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जिनमें उनके घर की सजावट से लेकर बप्पा के स्वागत तक की झलक देखने को मिली.
अनन्या पांडे से लेकर रश्मिका मंदाना और सोनू सूद तक कई बॉलीवुड सितारों ने अपने घर गणपति बप्पा का स्वागत किया. कुछ सितारे परिवार के साथ पूजा करते नजर आए तो कुछ ने पूरे पारंपरिक अंदाज में बप्पा की स्थापना की. इन सितारों के गणपति सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में रहे. आइए जानते हैं इस बार किन-किन बॉलीवुड सितारों ने अपने घर में गणपति बप्पा का स्वागत किया और किस अंदाज में मनाया ये खास त्योहार.
ये भी पढ़ें: वह आलिया के लिए हमेशा सपोर्टिव रहते हैंसास सोनी राजदान ने की रणबीर कपूर की तारीफ
सेलेब्स ने किया बप्पा का स्वागत
सोनू सूद ने अपने घर पर गणपति बप्पा का स्वागत किया है. एक्टर ने अपने पूरे परिवार के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा अर्चना की. TV9 भारतवर्ष से बातचीत करते हुए सोनू सूद ने बताया कि भगवान श्री गणेश से उनका बहुत पुराना लगाव है. करीब 25 सालों से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को अपने घर पर लेकर आ रह रहे हैं. जब पंजाब में शुरुआती दिनों में बहुत स्ट्रगल कर रहे थे फिल्म इंडस्ट्री में आने के लिए उसे वक्त भगवान बप्पा से मुरादे मांगी थी अब सब कुछ पूरी हो गई हैं. बप्पा ने इस लायक बनाया है कि अब वह किसी जरूरतमंद की मदद कर रहे हैं.
करीना कपूर खान ने इस बार गणेश चतुर्थी कुछ खास अंदाज में मनाई. उन्होंने पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इको-फ्रेंडली तरीके से गणपति बप्पा का स्वागत किया. करीना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं.

अनन्या पांडे ने भी अपने घर पर बप्पा का स्वागत किया. उन्होंने अपने माता-पिता चंकी पांडे और भावना पांडे के साथ हाथ जोड़कर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया. इस दौरान तीनों कैमरे के सामने पोज देते हुए नजर आए. वहीं, राजकुमार राव ने पत्नी पत्रलेखा के साथ मिलकर घर पर इको-फ्रेंडली गणपति की मूर्ति बनाई.
शरवरी ने हर साल की तरह इस बार भी महाराष्ट्र के मोरगांव स्थित अपने पुश्तैनी घर में गणेश चतुर्थी मनाई. एक्ट्रेस ने परिवार के साथ सेलिब्रेशन की कुछ प्यारी तस्वीरें शेयर कीं. उन्होंने घर लौटने और परिवार के साथ प्यार और पॉजिटिविटी से भरे इस खास त्योहार को मनाने की खुशी भी जाहिर की.
सुनील शेट्टी ने भी अपने घर गणपति बप्पा का स्वागत किया और सेलिब्रेशन की झलक फैंस के साथ शेयर की. उन्होंने बप्पा की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनके आने से सब कुछ और भी रोशन और खूबसूरत महसूस होता है. एक्टर ने सभी को प्यार, हंसी-खुशी और अपनों के साथ मिलकर गणेश चतुर्थी मनाने की शुभकामनाएं दीं.
वहीं, रितेश देशमुख, जेनेलिया डिसूजा और उनके दोनों बेटे भी गणपति बप्पा के साथ नजर आए. पूरे परिवार ने मिलकर घर में बप्पा का स्वागत किया और इस खास मौके पर साथ में तस्वीरें खिंचवाईं.
इसके अलावा रश्मिका मंदाना ने भी फैंस को इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट कर गणेश चुतुर्थी की शुभकामनाएं दी हैं. काजोल भी गणपति बप्पा के साथ नजर आईं.
शिल्पा शेट्टी ने भी हर साल की तरह इस बार भी बप्पा का काफी ग्रैंड तरीके से अपने घर में स्वागत किया है. एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा- ‘वो वापस आ गए फिर से…गणपति बप्पा मोरेया’. तस्वीरों में शिल्पा अपने पति राज और दोनों बच्चों के साथ नजर आ रही हैं.
इसी तरह कई और स्टार्स ने भी गणपति बप्पा का स्वागत किया है और फैंस को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दी हैं.



