
रकुल प्रीत सिंह
कुछ दिनों पहले फिल्म प्रोड्यूसर वासु भगनानी, जैकी भगनानी, रकुल प्रीत सिंह और पैनोरमा स्टूडियोज़ के ठिकानों पर आईटी रेड की खबरें आई थीं. हालांकि अब रकुल प्रीत सिंह ने एक बयान में दावा किया है कि इनकम टैक्स की रेड से उनका कोई लेना देना नहीं है. उनपर किसी तरह की कोई रेड नहीं पड़ी है. उन्होंने रेड की खबरों को अफवाह बताया और गुस्सा जाहिर किया. इंस्टाग्राम पर जारी अपने आधिकारिक नोट में रकुल ने साफ लफ्जों में कहा कि इन सर्च ऑपरेशंस से उनका दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है.
रकुल प्रीत सिंह ने अपने बयान में लिखा, “ये सर्च ऑपरेशन मेरे से जुड़ा बिल्कुल भी नहीं था. ये सबको पता होना चाहिए कि मैं एक आर्म्ड फोर्सेज (फौजी) बैकग्राउंड से आती हूं और इस इंडस्ट्री में मेरा कोई गॉडफादर नहीं रहा है. मैंने सिर्फ और सिर्फ कड़ी मेहनत के दम पर अपनी जगह बनाई है. एक जिम्मेदार और कानून का पालन करने वाली नागरिक होने के नाते, मैं 20 साल की उम्र से अपना पूरा टैक्स भरती आ रही हूं.”
“मेरे पास कोई बेनामी सपंत्ति नहीं”
पिछले दिनों आईं तमाम रिपोर्ट्स का खंडन करते हुए रकुल ने कहा कि मैं व्यक्तिगत तौर पर या किसी प्रोडक्शन हाउस की तरफ से किसी भी तरह के अवैध विदेशी लेन-देन में शामिल नहीं हूं. मैं ये भी साफ कर दूं कि देश या विदेश में कहीं भी मेरे पास किसी की कोई बेनामी संपत्ति नहीं है. न तो मुझे कभी किसी ने कोई संपत्ति गिफ्ट की है और न ही मैं अपने उसूलों के तहत ऐसे महंगे गिफ्ट्स स्वीकार करती हूं.
रकुल का वर्कफ्रंट
रकुल प्रीत सिंह आखिरी बार आयुष्मान खुराना की ‘पति पत्नी और वो दो’ में नज़र आई थीं. इस फिल्म में सारा अली खान और वामिका गब्बी भी थीं. इससे पहले वो पिछले साल अजय देवगन के साथ ‘दे दे प्यार दे 2’ में दिखाई दी थीं. आने वाले दिनों में वो रणबीर कपूर की ‘रामायण’ में नज़र आएंगी. इस फिल्म में वो रावण की बहन शूर्पणखा का किरदार निभा रही हैं.



