
सलमान की तबीयत का सच
Bigg Boss 20: ‘बिग बॉस 20’ के घर में हाई-वोल्टेज ड्रामा न हो, ऐसा तो मुमकिन ही नहीं. लेकिन हाल ही में ऑन-एयर हुए ‘वीकेंड का वार’ के आखिरी पलों और आने वाले एपिसोड के प्रीकैप में जो झलक दिखाई गई, उसने घर के कंटेस्टेंट्स से लेकर टीवी स्क्रीन से चिपके करोड़ों फैंस की सांसें अटका दीं. कल आने वाले एपिसोड के प्रोमो में साफ दिखा कि होस्ट सलमान खान स्टेज पर शूटिंग के दौरान काफी असहज नजर आ रहे हैं. उन्हें देख कंटेस्टेंट मेडिकल असिस्ट की गुजारिश कर रहे हैं, सलमान दर्द के मारे कराहते हुए बैठ जाते हैं और फिर नौबत यहां तक आ जाती है कि सलमान कहते हैं कि डॉक्टर को बुलाओ और वे सीधे स्टेज पर लेट जाते हैं.
हालात ऐसे दिखे कि मेकर्स को पूछना पड़ा कि क्या शूटिंग रोक दी जाए? घरवाले सन्न रह गए और सोशल मीडिया पर फैंस भाईजान की सेहत को लेकर दुआएं मांगने लगे. लेकिन अगर आप भी इस प्रोमो को देखकर घबरा गए हैं, तो थोड़ा ठहरिए और गहरी सांस लीजिए. क्यों माजरा कुछ और ही है.
क्या सच में बिगड़ी सलमान की तबीयत?
टीवी9 हिंदी डिजिटल को मिली जानकारी के मुताबिक, सलमान खान की तबीयत बिल्कुल ठीक है. स्टेज पर दिखाई गई उनकी यह बेचैनी और दर्द दरअसल कोई मेडिकल इमरजेंसी नहीं, बल्कि एक बहुत बड़ा ‘एक्ट’ यानी सुनियोजित ड्रामा था. सलमान खान ने ये पूरा नाटक किसी और के लिए नहीं, बल्कि घर के सबसे अनोखे कंटेस्टेंट काजी तौकीर के गेम प्लान की धज्जियां उड़ाने के लिए रचा था.
लोहे को लोहे से काटने का भाईजान का मास्टरस्ट्रोक
दरअसल, सीजन की शुरुआत से ही काजी तौकीर घर में अजीबोगरीब ड्रामे रचने के लिए जाने जा रहे हैं. हाल ही में उन्होंने घर के भीतर अपनी तबीयत इतनी खराब बताई थी कि बिग बॉस को डॉक्टर तक बुलाना पड़ा. लेकिन बाद में काजी ने हंसते हुए खुलासा किया कि वे सिर्फ ‘एक्टिंग’ कर रहे थे और घरवालों का मनोरंजन कर रहे थे. घरवालों को उनकी ये हरकत बिलकुल भी पसंद नहीं आई थी. बस, इसी ‘फेक ड्रामे’ को लेकर सबक सिखाने के लिए सलमान खान ने काजी का ही हथियार उन पर चला दिया. सलमान ने उसी अंदाज में दर्द का नाटक किया ताकि काजी और बाकी घरवालों को यह समझ आ सके कि किसी की बीमारी या दर्द का झूठा तमाशा बनाना कितना असंवेदनशील होता है.
सामने आएगा सच, तो क्या माफी मांगेंगे काजी?
आने वाले एपिसोड में जैसे ही सलमान खान खुद इस पूरे प्रैंक से पर्दा उठाएंगे, स्टेज पर सन्नाटा खिंच जाएगा और काजी तौकीर का चेहरा देखने लायक होगा. जानकारी के मुताबिक, इस खुलासे के बाद काजी बुरी तरह बैकफुट पर आ जाएंगे और घरवालों से हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखेंगे. हालांकि, चर्चा यह भी है कि वे बाकी सबसे तो माफी मांग लेंगे, लेकिन रीति तिवारी और आसिफ खान को अपनी माफी की लिस्ट से बाहर रखेंगे. अब ये देखना बेहद दिलचस्प होगा कि जब ये प्रैंक पूरी तरह खुलेगा, तो काजी का बिग बॉस के घर में अगला दांव क्या होगा!



