Palak Paneer Uttapam Recipe: सुबह के नाश्ते में अगर आप रोज एक ही तरह की डिश खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं. पालक पनीर उत्तपम एक ऐसा ही टेस्टी ऑप्शन है, जिसे आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए सूजी और दही से बैटर तैयार किया जाता है, जिसमें पालक की प्यूरी मिलाई जाती है. इसके ऊपर पनीर, प्याज, टमाटर और हरी मिर्च की टॉपिंग डाली जाती है जो इसके स्वाद को और भी बढ़ा देती है. इसे आप हरी चटनी, नारियल चटनी या अपनी पसंद की डिप के साथ सर्व कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं घर पर पालक पनीर उत्तपम कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
1 कप पालक की प्यूरी
1 कप सूजी
1/2 कप दही
1 पैकेट फ्रूट सॉल्ट
1/2 कप कद्दूकस किया हुआ पनीर
1/2 प्याज, बारीक कटा हुआ
1/2 टमाटर, बारीक कटा हुआ
1 छोटी चम्मच बारीक कटी हुई हरी मिर्च
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हुआ हरा धनिया
नमक, स्वादानुसार
तेल, जरूरत के अनुसार
पानी, जरूरत के अनुसार
पालक पनीर उत्तपम कैसे बनाएं?
- पालक पनीर उत्तपम बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में सूजी, दही, नमक और पालक की प्यूरी डालें. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा बैटर तैयार करें. बैटर को अच्छी तरह मिलाने के बाद कुछ देर के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए.
- अब उत्तपम की टॉपिंग तैयार करें. इसके लिए एक बाउल में बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया, कद्दूकस किया हुआ पनीर और थोड़ा नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- अब तैयार बैटर में फ्रूट सॉल्ट डालें और ऊपर से थोड़ा पानी डालकर हल्के हाथों से मिला लें. इससे बैटर थोड़ा फूल जाएगा.
- इसके बाद तवे पर थोड़ा तेल डालकर गर्म करें. अब एक कलछी बैटर तवे पर डालें और इसे बहुत ज्यादा पतला न फैलाते हुए गोल आकार दें. इसके ऊपर तैयार पनीर और सब्जियों की टॉपिंग डालें और हल्के हाथ से दबा दें.
- उत्तपम को मध्यम आंच पर नीचे से सुनहरा और अच्छी तरह सिकने तक पकाएं. इसके बाद सावधानी से पलटें और दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें. इसी तरह बाकी बैटर से भी उत्तपम तैयार कर लें.
- गरमागरम पालक पनीर उत्तपम को हरी चटनी या अपनी पसंद की चटनी के साथ सर्व करें.
—- समाप्त —-

