
गोविंदा और कोमल रानी
Govinda: बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर वन’ गोविंदा इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी निजी जिंदगी में मची उथल-पुथल को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. 40 साल पुराने वैवाहिक जीवन में आई दरार और तलाक की चर्चाओं के बीच गोविंदा का एक ताजा वीडियो सामने आया है. मंगलवार शाम गोविंदा मुंबई के मशहूर ‘लालबागचा राजा’ के दरबार में गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचे, लेकिन इस बार उनके साथ उनकी पत्नी सुनीता आहूजा या बच्चे नहीं, बल्कि उनकी को-स्टार और रूमर्ड गर्लफ्रेंड कोमल रानी स्वर्णकार नजर आईं. दिलचस्प बात ये है कि अभी कुछ ही दिन पहले सुनीता आहूजा ने लालबागचा राजा के पंडाल में अकेले हाजिरी लगाई थी और बप्पा के आगे हाथ जोड़े थे. इसके ठीक बाद अब गोविंदा का कोमल रानी के साथ उसी पंडाल में जाना सोशल मीडिया यूजर्स की नजरों में खटक रहा है.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि गोविंदा अपनी टीम और कोमल रानी के साथ पंडाल में दाखिल हुए. दोनों ने साथ मिलकर बप्पा को प्रसाद चढ़ाया और आशीर्वाद लिया. इस दौरान वहां मौजूद पंडित जी ने दोनों के माथे पर तिलक भी लगाया. पंडाल से बाहर निकलते वक्त गोविंदा बेहद खुशमिजाज अंदाज में नजर आए. उन्होंने बाहर जुटी भारी भीड़ की तरफ हाथ हिलाकर अभिवादन किया और मुस्कुराते हुए फैंस का दिल जीता.
कौन हैं कोमल रानी?
कोमल रानी पहली बार इस साल की शुरुआत में तब सुर्खियों में आई थीं, जब उनका नाम गोविंदा के साथ कथित रोमांटिक रिश्ते को लेकर जोड़ा जाने लगा था. हालांकि गोविंदा ने खुद इन खबरों को अफवाह बताते हुए कोमल को उनकी कमबैक फिल्म ‘रूपा’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं एक्ट्रेस बताया था और साथ में ये भी कहा था कि वो नए टैलेंट को प्रमोट कर रहे हैं. इसके अलावा चर्चा यह भी है कि वो गोविंदा की एक और आने वाली फिल्म ‘दुनियादारी’ में भी नजर आ सकती हैं, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है.
शादी, तलाक और दूसरी शादी की उड़ती अफवाहें
कानूनी तौर पर गोविंदा और सुनीता आहूजा आज भी पति-पत्नी हैं और दोनों का साथ चार दशकों पुराना है. इस साल दोनों के रिश्ते में उस वक्त भारी भूचाल आ गया था जब अलग होने (तलाक) की अर्जी तक दाखिल कर दी गई थी. हालांकि, हाल ही में सुनीता ने अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली थी. सुनीता का दावा था कि जब उन्हें पता चला कि गोविंदा अभिनेत्री कोमल रानी से शादी करने की योजना बना रहे हैं, तब उन्होंने यह कदम उठाया. दूसरी तरफ, गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इन सभी दावों को बेबुनियाद बताते हुए साफ किया था कि दूसरी शादी जैसी कोई बात नहीं है और सुनीता ही गोविंदा की पत्नी हैं.
बहरहाल, पहले पत्नी सुनीता का अकेले बप्पा के दर पर जाना और अब गोविंदा का अपनी को-स्टार कोमल रानी के साथ सार्वजनिक तौर पर पूजा करने वाला ये नजारा साफ इशारा कर रहा है कि पारिवारिक मसलों की सुलह अभी इतनी आसान नहीं दिख रही है.



