फुकरा इंसान
The Traitors 2: प्राइम वीडियो के रिएलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ में इस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिल रहा है. शो जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, कंटेस्टेंट्स के बीच का तनाव और शक का दायरा खुलकर सामने आ रहा है. पहले हफ्ते में जिस पारुल गुलाटी ने यूट्यूबर अभिषेक मल्हान यानी फुकरा इंसान के साथ मिलकर हरमन सिंघा के खिलाफ मोर्चा खोला था, वही पारुल अब दूसरे हफ्ते में अभिषेक के निशाने पर आ गई हैं. हर किसी पर बिना वजह शक करने की पारुल की आदत ने अब फुकरा इंसान का पारा सातवें आसमान पर चढ़ा दिया है.
शो के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस देखने को मिली. अभिषेक मल्हान ने पारुल को सीधे तौर पर टोकते हुए कहा कि वो अपनी बात करने का लहजा ठीक करें. अभिषेक ने साफ शब्दों में कहा, “मुझसे इस घमंड के साथ बात मत करो. मुझे तुम्हारी बातों में एरोगेंस साफ नजर आ रहा है. तुम इस तरह बात करती हो जैसे तुम्हें बस इसमें से अपनी रील्स कट करवानी हों.” अभिषेक का ये तंज सीधे तौर पर पारुल के सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएशन वाले अंदाज पर था.
पारुल पर गुस्सा हुए अभिषेक
अभिषेक का गुस्सा सिर्फ आमने-सामने की बहस तक ही सीमित नहीं रहा. कैमरे के पीछे अपने अनफिल्टर्ड अंदाज में भड़कते हुए फुकरा इंसान ने पारुल के बिजनेस पर भी तंज कस दिया. अभिषेक ने चिढ़ते हुए कहा, “उसे देखकर मेरा मन करता है कि बोलूं शट अप यार! चुप बैठो और जाकर अपने बाल बेचो.” सोशल मीडिया पर अभिषेक का ये रिएक्शन तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनके इस बेबाक अंदाज पर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें-
दिल तो पागल है में अक्षय कुमार ने फ्री में किया था काम? यश चोपड़ा ने नहीं दिए थे पैसे!
फेक ड्रेस से फेक एक्टिंग तकशालिनी पासी और मल्लिका शेरावत क्यों भिड़ीं?
‘द ट्रेटर्स 2’ में ट्विस्ट् का दौर
गेम की बात करें तो द ट्रेटर्स का ये सीजन शुरुआत से ही काफी इंटेंस रहा है. सोशल मीडिया पर अभिषेक मल्हान के एविक्शन और गेम स्ट्रैटेजी को लेकर भी लगातार कयास और अफवाहें उड़ती रहती हैं, क्योंकि शो में हर हफ्ते ट्विस्ट्स का दौर चल रहा है और किसी भी कंटेस्टेंट का सफर कभी भी पलट सकता है. ऐसे में फुकरा इंसान और पारुल गुलाटी के बीच की यह दरार शो में आगे क्या नया मोड़ लाएगी, ये देखना दिलचस्प होगा. इस शो के 3 नए एपिसोड्स हर गुरुवार को एक साथ प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहे हैं.



